Sector-6C के कई क्वार्टरों में जलसंकट, जर्जर टंकी टूटने से 12 क्वार्टरों में पानी सप्लाई बंद
Bokaro:
बोकारो के Sec-6C के करीब 12 आवासों में रहने वाले लोग जलसंकट से जूझ रहे हैं। आवास संख्या 2265 से 2276 तक के निवासी पिछले कई दिनों से पानी सप्लाई बंद हैं। इन आवासों के ऊपर लगी पानी की टंकियां जर्जर होकर टूटने लगी हैं, वहीं कुछ टंकियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। जिसके कारण 12 परिवारों को नियमित जलापूर्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
टूटकर गिर रहीं टंकियों से अनहोनी का खतरा-
निवासियों का कहना है कि टंकियों की हालत काफी समय से खराब थी, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं होने से अब वे टूटकर गिरने लगी हैं। इससे न सिर्फ जलापूर्ति बाधित हुई है, बल्कि नीचे से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। लोग दैनिक जरूरतों के लिए दूसरे स्रोतों से पानी लाने को मजबूर हैं।
सामूहिक आवेदन देकर तत्काल मरम्मत की मांग की-
जल संकट से प्रभावित आवासधारियों ने BSL नगर सेवा भवन के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) को सामूहिक आवेदन दिया है। 12 आवासधारियों के हस्ताक्षर वाले आवेदन में मांग की है, कि प्रभावित आवासों की टंकियों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। अन्यथा इसके बदले नई टंकियां लगाई जाएं, ताकि पेयजल संकट दूर हो सके। आवास धारियों ने चेतावनी दी है कि समय रहते इनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं हुई तो आंदोलन को बाध्य होंगे।

